सुरेश कुमार
शिमला: इन दिनों शरद नवरात्र चल रहे हैं। इसी उपलक्ष्य में राज्य के सभी प्रमुख शक्तिपीठों में श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंच रहे हैं और लोगों द्वारा पारिवारिक सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए शक्ति की प्रतीक आदि शक्ति मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है।
इन नौ स्वरूपों में प्रथम शैलपुत्री, द्वितीय ब्रह्मचारिणी, तृतीय चंद्रघंटा, चतुर्थ कूष्मांडा, पंचम स्कंदमाता, षष्ठम कात्यायनी, सप्तम कालरात्रि, अष्टम महागौरी व नवम सिद्धिदात्री शामिल हैं। पर्व के दौरान लोगों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अपने घरों में कलश की स्थापना भी की जाती है। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी देवी माता के मंदिरों और अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं का पूजा-पाठ के लिए सुबह से ही तांता लग रहा है। शहर के कालीबाड़ी, तारादेवी मंदिर, ढिंगू माता मंदिर, संकटमोचन मंदिर और श्री राम मंदिर में लोगों की व्यापक भीड़ जुट रही है।
नवरात्र के उपलक्ष्य में लोगों द्वारा इन दिनों अपने घरों के प्रांगण में भी रात्रि जगराते का आयोजन किया जा रहा है। कुल मिलाकर यदि कहा जाए तो देवभूमि हिमाचल में शरद नवरात्र के चलते इन दिनों संपूर्ण माहौल भक्तिमय बना हुआ है। शनिवार को दूसरे नवरात्र के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न स्थानों पर रात्रि जागरण का आयोजन किया गया जबकि रविवार को कई जगहों पर भंडारे भी लगाये गये। धार्मिक श्रद्धा का यह पर्व शनिवार 16 अक्तूबर तक चलेगा।